बरेका के 18 कर्मयोगियों को सम्मानपूर्वक विदाई, सेवानिवृत्ति समारोह में दी गई नई पारी की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी सहित कुल 18 कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। बरेका परिवार ने संगठन की प्रगति में उनके महत्वपूर्ण योगदान को नमन करते हुए सभी को शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया।

 बरेका के 18 कर्मयोगियों को सम्मानपूर्वक विदाई

एक अधिकारी समेत 18 कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

समारोह में डी.ई.ई./एम. श्री गुलाम सरवर सहित विभिन्न विभागों के कुल 18 अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ अकाउंटेंट, मुख्य कार्यालय अधीक्षक, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (एसएसई), वरिष्ठ तकनीशियन, कनिष्ठ अभियंता और कुक जैसे विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारी शामिल रहे। सभी को माल्यार्पण कर स्मृति-चिह्न स्वरूप फोल्डर भेंट किया गया।

'सेवानिवृत्ति अंत नहीं, नई शुरुआत है'

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि अनुभवों और उपलब्धियों से परिपूर्ण एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण से बरेका की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी कार्यसंस्कृति और सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

उप मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री समीर पाल ने भी सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और समर्पण ने बरेका की कार्यसंस्कृति को समृद्ध बनाया है। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखमय और सफल भविष्य की कामना की।

 बरेका के 18 कर्मयोगियों को सम्मानपूर्वक विदाई

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने साझा किए यादगार अनुभव

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने बरेका को केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि अपना परिवार बताया और अधिकारियों, सहकर्मियों तथा पूरे बरेका परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां बिताए गए वर्षों की यादें जीवनभर उनके साथ रहेंगी।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी सलाह

बरेका केंद्रीय चिकित्सालय के मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। वहीं जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और पारिवारिक आनंद से परिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।

 बरेका के 18 कर्मयोगियों को सम्मानपूर्वक विदाई

बड़ी संख्या में मौजूद रहे अधिकारी, कर्मचारी और परिजन

समारोह में कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री अमित कुमार, श्री नवीन कुमार सिन्हा, श्री सुशील कुमार सिंह, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन, सहकर्मी और बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) श्री राम प्रवेश यादव ने किया।

Share this story