रविदास जन्मस्थली मार्ग पर बारिश के बाद धूल और गड्ढे, राहगीरों को परेशानी, आसपास रहने वालों की बढ़ी दुश्वारी
वाराणसी। संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास पार्क के पास सड़क की बदहाल स्थिति से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। बरसात के दौरान जलभराव से जूझने वाले इस मार्ग पर अब बड़े-बड़े गड्ढे और उड़ती धूल मुसीबत बन गए हैं। वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उठता है, जिससे राहगीरों के साथ आसपास के दुकानदारों को भी दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के दौरान सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है। पानी उतरने के बाद सड़क की जर्जर स्थिति सामने आती है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को संभलकर गुजरना पड़ता है। सड़क सूखने के बाद वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ती रहती है।

बिहार और रमना समेत कई क्षेत्रों का संपर्क मार्ग
रविदास पार्क के पास स्थित यह मार्ग बिहार, रमना और लौटूबीर मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों को जोड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। संत रविदास की जन्मस्थली होने के कारण यहां देश-विदेश से श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाली स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी परेशानी का कारण बनी हुई है।
धरना-प्रदर्शन के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित कराया गया। समस्या के समाधान के लिए धरना-प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन अब तक स्थायी सुधार नहीं हुआ। हर साल बरसात में जलभराव और बारिश के बाद गड्ढों व धूल की समस्या सामने आती है।

जनप्रतिनिधियों से शिकायत, फिर भी परेशानी बरकरार
स्थानीय नागरिक राजेश यादव ने बताया कि संत रविदास की जन्मस्थली होने के कारण यहां मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, मंत्री और विधायक सहित कई जनप्रतिनिधियों का आना-जाना होता है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक और पार्षद को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है।
दुकानदार भी परेशान
सड़क से उड़ने वाली धूल आसपास की खाद्य पदार्थों की दुकानों तक पहुंच रही है। दुकानदारों को खाद्य सामग्री बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कर गड्ढे भरवाने, मार्ग समतल कराने और धूल से राहत दिलाने की मांग की है।

