रामतारक आश्रम के भेलूपुर प्रखंड की बैठक, परिवार रजिस्टर अभियान और सदस्य भर्ती की बनी रणनीति 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर प्रखंड की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को श्री राम तारक आंध्र आश्रम स्थित डिवीजनल वार्डन आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डिवीजनल वार्डन वीवी सुंदर शास्त्री, एडीसी इरफानूल होदा एवं डिप्टी डिवीजनल वार्डन अभिषेक जायसवाल ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान संगठनात्मक मजबूती और क्षेत्रीय कार्यों को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में सभी पोस्ट वार्डनों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में परिवार रजिस्टर भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू करें। इसके तहत स्वयंसेवकों को घर-घर जाकर परिवारों का विस्तृत विवरण एकत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से क्षेत्र की जनसंख्या और सामाजिक संरचना से जुड़ी सटीक जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जा सकेगा।

इसके साथ ही बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी चर्चा हुई। क्षेत्र में लोगों को आ रही चिकित्सा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके। बैठक के दौरान हाल ही में पदोन्नत और नियुक्त पदाधिकारियों आईसीओ प्रभु नारायण तिवारी, पोस्ट वार्डन अरुण कुमार गुप्ता, सूरैया बानो तथा डिप्टी पोस्ट वार्डन विपिन चंद्र पांडे को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी गई।

इसके अलावा पोस्ट नंबर 1, 6 और 10 में नए पोस्ट वार्डन की नियुक्ति और संगठन को मजबूत बनाने के लिए नए सदस्यों की भर्ती पर विशेष चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है। बैठक में मास्टर ट्रेनर दिलीप कुमार पांडे, संदीप कुमार, रामकिशन राम, भूपेंद्र सिंह गिल, डॉ. आर. बक्शी, संजय कुमार गुप्ता, प्रमोद कुमार मौर्य, संजय श्रीवास्तव और राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share this story