काशी विश्वनाथ धाम में रामनवमी का उल्लास: ‘सूर्य तिलक’ के लाइव दर्शन से श्रद्धालु भाव-विभोर
वाराणसी। चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि, जिसे राम नवमी के रूप में मनाया जाता है, के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मान्यता है कि इसी दिन प्रभु श्री राम का जन्म हुआ था, जिसके चलते पूरे धाम में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

इस खास अवसर पर शिवार्चनम मंच पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से श्री राम जन्मभूमि मंदिर से प्रभु श्री राम लला के ‘सूर्य तिलक’ का सीधा प्रसारण किया गया। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए धाम में उपस्थित श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।
लाइव प्रसारण के दौरान श्रद्धालुओं ने काशी में ही रहकर अयोध्या के प्रभु श्री राम लला के दिव्य दर्शन किए। जैसे ही ‘सूर्य तिलक’ का पावन क्षण आया, पूरा परिसर जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय व उल्लासपूर्ण हो गया।
इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने प्रभु श्री राम के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

