राजातालाब पुलिस की त्वरित कार्रवाई, साइबर ठगी के 80 हजार रुपये पीड़ित को वापस कराए

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइ-वज्र अभियान के तहत राजातालाब थाना पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड की 80 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रयास की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, 14 मई को ग्राम जगरदेवपुर काशीपुर, थाना राजातालाब निवासी ओमप्रकाश सिंह के बैंक खाते से अज्ञात साइबर फ्रॉडरों ने कुल 80 हजार रुपये की धनराशि निकाल ली थी। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाना राजातालाब की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क किया।

शिकायत मिलते ही साइबर टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की कार्रवाई के परिणामस्वरूप फ्रॉड की गई पूरी धनराशि को संबंधित स्तर पर होल्ड करा लिया गया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए 7 सितंबर 2026 को होल्ड कराई गई 80 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में सकुशल वापस करा दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए तकनीकी माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। ऑपरेशन साइ-वज्र के तहत साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। 

धनराशि वापस कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष राजातालाब, उपनिरीक्षक सूरज कुमार चौरसिया, साइबर नोडल प्रभारी, आरक्षी संजीव कुशवाहा, हेड कांस्टेबल पूनम यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा आरक्षी मंजू देवी शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और कार्रवाई की सराहना की।

Share this story