काशी में ज्वेलरी एग्जीबिशन की पारदर्शिता पर सवाल, सोने की शुद्धता से लेकर जीएसटी तक जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now

स्थानीय सर्राफा कारोबारियों और पारंपरिक कारीगरों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, बोले- बड़े आयोजनों से प्रभावित हो रहा स्थानीय बाजार

वाराणसी। काशी में लगातार आयोजित हो रही ज्वेलरी एग्जीबिशनों को लेकर स्थानीय सर्राफा व्यापारियों और पारंपरिक आभूषण कारीगरों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। इन आयोजनों की पारदर्शिता, सोने की शुद्धता, हॉलमार्किंग और जीएसटी नियमों के अनुपालन को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली एग्जीबिशनों से स्थानीय सर्राफा बाजार का कारोबार प्रभावित हो रहा है और पीढ़ियों से आभूषण निर्माण के काम में लगे कारीगरों के सामने रोजगार का संकट गहराने लगा है।

इस मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ गोलू ने सरकार और प्रशासन के समक्ष कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध ज्वेलरी एग्जीबिशनों के आयोजन से नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था से है, जिसमें स्थानीय व्यापारियों, छोटे कारोबारियों और पारंपरिक कारीगरों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलते। उन्होंने आयोजनों में व्यापारिक गतिविधियों की वैधानिकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

सोने की शुद्धता और हॉलमार्किंग की जांच हो
व्यापारियों ने सोने की शुद्धता को लेकर भी चिंता जताई है। राष्ट्रीय स्तर पर सोने में पाउडर अथवा अन्य पदार्थों की कथित मिलावट से जुड़ी खबरों और शिकायतों का हवाला देते हुए उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) और संबंधित विभागों से जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि उपभोक्ता अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर आभूषण खरीदते हैं। ऐसे में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। एग्जीबिशनों में बेचे जाने वाले आभूषणों के हॉलमार्क और एचयूआईडी की भी जांच होनी चाहिए।

जीएसटी और कारोबार के अभिलेख खंगालने की मांग
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कुछ एग्जीबिशनों में केवल प्रदर्शन के नाम पर बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री और कारोबारियों के बीच बीटूबी गतिविधियां भी संचालित होती हैं। उन्होंने राज्य और केंद्रीय जीएसटी विभाग से आयोजनों में बिक्री, बिलिंग, स्टॉक और कर संबंधी अभिलेखों की जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि कर चोरी या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

डीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई का इंतजार
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्थानीय सर्राफा व्यापारियों और कारीगरों के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। इसमें एग्जीबिशनों से स्थानीय बाजार पर पड़ रहे प्रभाव और कारीगरों की समस्याओं को उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल का दावा है कि जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित कर जांच में तेजी लाने का आश्वासन दिया था। अब व्यापारी कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा शुभम सेठ गोलू ने आभूषण कारोबारियों के साथ प्रदेश में हो रही लूट, डकैती और हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए उनकी सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की।

व्यापारियों ने स्थानीय उत्पादकों, छोटे कारोबारियों और पारंपरिक कारीगरों को प्राथमिकता देने के साथ उपभोक्ताओं को उचित बिल और शुद्ध आभूषण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को व्यापक किया जाएगा। उनका कहना है कि यह पहल किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार, पारंपरिक कारीगरी और उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए है।

BK Pathak
BK Pathak

22033 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story