वाराणसी में पूर्वांचल का पहला “स्पोर्ट्स सिटी सेंटर” होगी ऑनलाइन प्री बुकिंग
स्पोर्ट्स सिटी सेंटर" में फिटनेस, मनोरंजन और प्रकृति के सौंदर्य का अनोखा संगम देखने को मिलेगा
पिकल बॉल, बॉक्स क्रिकेट और स्केटिंग की होगी सुविधा,योगाभ्यास के लिए भी होगा स्थान
तालाब में बोटिंग,आकर्षक फाउंटेन और हरियाली से भरपूर वातावरण लोगों को सुकून और आनंद का अद्भुत अनुभव देगा
आधुनिक फ़ूड ट्रक एवं फ़ूड कोर्ट, ब्रेकफास्ट मिक्स स्प्राउट आदि जैसे स्वस्थ्य क्यूज़ीन कैफे से बेहतरीन खानपान मिलेगा
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे
स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा नदेसर तालाब के पास एक आधुनिक “स्पोर्ट्स सिटी सेंटर” विकसित करने की योजना बनाई गई है। वाराणसी में पूर्वांचल का पहला “स्पोर्ट्स सिटी सेंटर” होगा जहा आप अपना मनपसंद खेल,खेलने के लिए ऑनलाइन प्री बुकिंग करा सकेंगे। "स्पोर्ट्स सिटी सेंटर" की यह योजना वास्तव में वाराणसी और पूरे पूर्वांचल के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगी ,जहां फिटनेस, मनोरंजन और प्रकृति के सौंदर्य का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि प्रस्तावित मल्टी स्पोर्ट्स एक्टिविटी जोन में पिकल बॉल, लॉन टेनिस, बॉक्स क्रिकेट और स्केटिंग जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही योगाभ्यास के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित किया जाएगा। पूरा परिसर दिव्यांगजनों के अनुकूल होगा
स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी ने जानकारी दिया कि इस स्पोर्ट्स सेंटर की एक खास विशेषता यह है कि नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार अपने पसंदीदा खेल के लिए स्लॉट की ऑनलाइन प्री-बुकिंग कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और खेलने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
प्रकृति प्रेमियों के लिए भी यह स्थान बेहद ख़ास होगा। नदेसर तालाब में बोटिंग की सुविधा, आकर्षक फाउंटेन और हरियाली से भरपूर वातावरण लोगों को सुकून और आनंद का अद्भुत अनुभव देगा। वहीं, आधुनिक फ़ूड ट्रक एवं फ़ूड कोर्ट, ब्रेकफास्ट मिक्स, स्प्राउट आदि जैसे स्वास्थ्य क्यूज़ीन कैफे की स्थापना से न केवल लोगों को बेहतरीन खानपान मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

