वाराणसी में 14 दिसंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 5.27 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा, सीडीओ ने की तैयारी की समीक्षा
वाराणसी। आगामी 14 दिसंबर से जिले में पल्स पोलियो विशेष अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इसी के सफल संचालन की रणनीति तैयार करने के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह ने की। बैठक में बताया गया कि इस बार 5 वर्ष तक के कुल 5,27,562 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।

सीडीओ ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लक्षित सभी बच्चों को पोलियो की खुराक हर हाल में पिलाई जाए। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। नियुक्त सभी कर्मियों को पूर्व प्रशिक्षण दिया जाए, साथ ही बीमार, अनुपस्थित या प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों को विशेष रूप से चिन्हित कर दवा दी जाए।
सीडीओ ने बताया कि पड़ोसी देशों पाकिस्तान में 30 और अफगानिस्तान में 09 पोलियो केस मिलने के बाद इस अभियान की महत्ता और अधिक बढ़ जाती है। वाराणसी धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, ऐसे में सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिया कि 14 दिसंबर को बूथ दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाएंगे। बच्चों की “बुलावा टोली” बनाकर अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर ही प्रतिरक्षित करने का प्रयास किया जाएगा। बूथ दिवस का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को अवश्य लेकर आएँ और पोलियो की खुराक दिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि छह दिनों तक चलने वाले इस अभियान में पहले दिन जिले के 1811 बूथों पर दवा पिलाई जाएगी। घर-घर टीकाकरण के लिए 1265 टीमें और 36 ट्रांजिट टीमें बनाई गई हैं। 15 दिसंबर से उन बच्चों को चिह्नित कर खुराक दी जाएगी जो बूथ दिवस पर वंचित रह जाते हैं, जबकि अंतिम अवसर के रूप में 22 दिसंबर को भी पोलियो की दवा उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक का संचालन डब्ल्यूएचओ एसएमओ एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुणा एस. वेणु ने किया। बैठक में यूनिसेफ, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत राज, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

