देव दीपावली पर गंगा घाटों को स्वच्छ रखने की तैयारी, सभी घाटों पर रखवाए गए कूड़ेदान, नगर निगम और नमामि गंगे ने शुरू किया विशेष स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के गंगा घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम और नमामि गंगे ने विशेष अभियान शुरू किया है। 24 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाटों पर साफ-सफाई और कचरा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को गंगा के सभी प्रमुख घाटों पर कूड़ेदानों को दोबारा व्यवस्थित स्थानों पर रखवाया गया। साथ ही श्रद्धालुओं, पुरोहितों, दुकानदारों और नाविकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।


नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन ने घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला के संयोजन में राजेंद्र प्रसाद घाट, दशाश्वमेध घाट, प्रयाग घाट और शीतला घाट समेत विभिन्न घाटों पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों से अपील की गई कि दीपोत्सव के दौरान पूजा सामग्री, फूल-माला, प्लास्टिक और अन्य कचरा घाटों की सीढ़ियों या गंगा में न फेंकें। इसके लिए निर्धारित कूड़ेदानों का ही इस्तेमाल करें।

123
बाढ़ के कारण हटाए गए थे कूड़ेदान
दरअसल, गंगा में बाढ़ के दौरान जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव से कूड़ेदानों को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते नगर निगम की ओर से इन्हें सुरक्षित स्थानों पर हटा दिया गया था। अब जलस्तर घटने के बाद सभी घाटों पर इन्हें फिर से व्यवस्थित स्थानों पर रखवाया गया है। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कचरा निस्तारण की सुविधा मिलेगी। देव दीपावली पर घाटों पर भारी भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


सीवर ओवरफ्लो और जलभराव पर भी निगरानी
नगर निगम की ओर से घाटों की साफ-सफाई के साथ बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। सीवर ओवरफ्लो, जलभराव, पाइपलाइन में लीकेज और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान की तैयारी है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

123
स्वयंसेवकों ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने घाटों की सफाई की और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। लोगों से कहा गया कि दीपदान और पूजन के बाद बची सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय कूड़ेदान में डालें। प्लास्टिक और अन्य कचरे को नदी में जाने से रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।


नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि देव दीपावली पर काशी के घाटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है। सभी घाटों पर कूड़ेदान रखवा दिए गए हैं और स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि काशी की पहचान उसके गंगा घाटों और धार्मिक परंपराओं से है। इसलिए स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक और पर्यटक की भागीदारी जरूरी है।

BK Pathak
BK Pathak

21898 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story