काशी सांसद प्रतियोगिता-2026' की तैयारियां तेज, खेल व संस्कृति को मिलेगा बड़ा मंच

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली 'काशी सांसद प्रतियोगिता-2026' की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, आयोजन तिथियां, प्रशासनिक तैयारियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई।

बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि खेल, कला, संस्कृति, शिक्षा और युवाओं की प्रतिभा को एक साझा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष प्रतियोगिताओं का दायरा और व्यापक किया गया है। विगत वर्षों में मिली सफलता और लगातार बढ़ रही प्रतिभागियों की संख्या को देखते हुए इस बार कई नए आयाम जोड़े गए हैं। महापौर अशोक तिवारी ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी आयोजन में पूरा सहयोग करेगा। पूर्व विधायक जगदीश पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने भी प्रतियोगिताओं को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने प्रतियोगिताओं के चरणबद्ध आयोजन एवं प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी, जबकि मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह को कार्यक्रमों का नोडल अधिकारी बनाया गया।

123

बैठक में बताया गया कि स्केचिंग, पेंटिंग एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित की गई है। प्रतिभागी 3 से 14 अगस्त तक अपनी कृतियां ऑनलाइन अपलोड करेंगे, जबकि चयनित प्रतिभागियों का ऑफलाइन फाइनल 19 और 20 अगस्त को सिगरा स्टेडियम में होगा। ज्ञान प्रतियोगिता (क्विज) का आयोजन 25 अगस्त से 3 सितंबर तक, सांस्कृतिक महोत्सव 14 से 24 सितंबर तथा खेलकूद प्रतियोगिता 5 से 24 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। इस बार खेलकूद प्रतियोगिता में 32 खेल, पांच आयु वर्ग और 400 से अधिक प्रतियोगिता स्थलों को शामिल किया गया है।

बैठक में जानकारी दी गई कि बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार अधिकांश प्रतियोगिताएं जनवरी के बजाय अगस्त-सितंबर में आयोजित होंगी। सांस्कृतिक महोत्सव में नृत्य, नाट्य, वादन और गायन के साथ 'भजन' की नई श्रेणी जोड़ी गई है। इसके अलावा पहली बार विद्यालय और जिला स्तर पर युवा संसद का आयोजन होगा, जिसमें छात्र संसदीय कार्यवाही और समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार रखेंगे। दिसंबर में रोजगार मेले के माध्यम से हजारों युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

इस वर्ष प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण 'काशी सांसद संस्कृत प्रतियोगिता' होगी। इसमें शास्त्रार्थ, संस्कृत आशुभाषण, संस्कृत कवि सम्मेलन, श्लोक एवं मंत्रोच्चारण तथा भगवद्गीता, रामचरितमानस और संस्कृत व्याकरण पर आधारित ज्ञान-प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बैठक में आयोजन के सफल संचालन के लिए भाजपा महानगर और जिला स्तर पर संयोजकों एवं सह-संयोजकों की भी घोषणा की गई। अंत में आयोजन समिति ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और काशीवासियों से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।

Share this story