बरेका में ‘प्रबोध’ सतर्कता बुलेटिन का विमोचन, महाप्रबंधक ने दिया ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now

‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संकल्प को कार्यसंस्कृति में अपनाने का आह्वान, तीन माह तक चला सतर्कता जागरूकता अभियान

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बुधवार को सतर्कता बुलेटिन ‘प्रबोध’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता तथा जवाबदेही को अपनी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निर्माण और देश की समृद्धि के लिए प्रत्येक व्यक्ति का सत्यनिष्ठ होना जरूरी है।

महाप्रबंधक ने कहा कि सतर्कता बुलेटिन ‘प्रबोध’ का यह अंक केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा निर्धारित विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष केवल किसी एक व्यक्ति, संगठन या समूह की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने से ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

इस दौरान मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने बरेका में आयोजित तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चले इस अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही सेमिनार, क्विज प्रतियोगिताओं और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर नैतिक आचरण, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य सतर्कता अधिकारी ने विश्वास जताया कि ‘प्रबोध’ बुलेटिन अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए मार्गदर्शक साबित होगा। इसके माध्यम से मिलने वाले संदेश उन्हें व्यक्तिगत जीवन के साथ ही कार्यक्षेत्र में भी सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनके अलावा मनोज कुमार गुप्ता, प्रवीण कुमार, अरविंद कुमार जैन, शैलेन्द्र कुमार सिंह, सागर, नीरज सिंह और जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

22007 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story