आगजनी की घटना से निबटने में दक्ष हुए पुलिसकर्मी, सिगरा थाने में फायर टीम ने जवानों को दिया प्रशिक्षण
वाराणसी। आगजनी की घटनाओं में फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिसकर्मियों को अग्निसुरक्षा और आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सिगरा थाने में चेतगंज फायर स्टेशन की टीम ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरी मीणा के निर्देश पर चल रहे प्रशिक्षण अभियान के तहत सब-इंस्पेक्टर ऋषभ दुबे के नेतृत्व में फायर टीम सिगरा थाने पहुंची। टीम ने पुलिसकर्मियों को अलग-अलग प्रकार की आग से निपटने के तरीके बताए। इसके साथ ही अग्निशामक यंत्र के सही इस्तेमाल का मौके पर अभ्यास भी कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान घरेलू आग, गैस सिलेंडर में आग लगने और अन्य आपात परिस्थितियों में शुरुआती स्तर पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। पुलिसकर्मियों को समझाया गया कि आग की प्रकृति के अनुसार किस प्रकार सुरक्षित तरीके से अग्निशामक यंत्र का प्रयोग किया जाना चाहिए। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों की सुरक्षा और तत्काल प्रतिक्रिया के महत्व पर भी जोर दिया गया।

सब-इंस्पेक्टर ऋषभ दुबे ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर कई बार फायर ब्रिगेड से पहले सिविल पुलिस मौके पर पहुंचती है। ऐसी स्थिति में पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है। शुरुआती स्तर पर सुरक्षित तरीके से आग पर नियंत्रण करने और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने से बड़ा नुकसान रोका जा सकता है।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाराणसी कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में प्रतिदिन फायर टीम पहुंचकर अग्निसुरक्षा का प्रशिक्षण देगी। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को सिलेंडर फायर, घरेलू आग और अन्य आपात परिस्थितियों में सुरक्षित एवं त्वरित रिस्पॉन्स के लिए तैयार करना है, ताकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आवश्यक प्राथमिक कार्रवाई की जा सके।



