मुहर्रम से पहले राजातालाब में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को राजातालाब क्षेत्र में पुलिस और पीएसी बल ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों से शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देशन में आयोजित फ्लैग मार्च का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब अजय श्रीवास्तव और थाना प्रभारी राजातालाब दयाराम ने किया। पुलिस एवं पीएसी के जवानों ने कस्बा राजातालाब सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

123

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों से संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।

इस दौरान राजातालाब बाजार में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर ठेला-खोमचा लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित लोगों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

123

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम पर्व के दौरान शांति भंग करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयास पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस एवं पीएसी बल की तैनाती के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

Share this story