पुलिस आयुक्त ने कोतवाली थाने में विकास कार्यों का लिया जायजा, सुधार के दिए निर्देश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को कोतवाली थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने थाने की नई संरचना और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाने में खड़े वाहनों के शीघ्र निस्तारण और कमियों में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पहले जर्जर स्थिति में रहा थाना अब किलेनुमा आधुनिक भवन के रूप में विकसित किया गया है। पुलिस आयुक्त ने परिसर में बने पार्क, कार्यालय कक्षों और थाने के अंदर खड़े वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला शौचालय की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए वहां प्रकाश की कमी पाई। इस पर उन्होंने तत्काल लाइट लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि थाने का शीघ्र उद्घाटन प्रस्तावित है, इसलिए सभी कार्यों को समय से पूरा कर लिया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव बसंवाल, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह सहित थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

