पुलिस का अभियान बेअसर, लंका इलाके में फिर अतिक्रमण, फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा, राहगीर परेशान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान के बावजूद लंका क्षेत्र में स्थिति जस की तस बनी हुई है। लंका से रविदास गेट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर कामधेनू अपार्टमेंट के सामने स्थित ऑटो स्टैंड के पास सड़क के आधे हिस्से पर दुकानें लग गई हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस स्थान पर कपड़ों की अस्थायी दुकानें लगाई जाती हैं। दुकानों का विस्तार इतना अधिक है कि सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया है, जिससे मार्ग संकरा हो गया है। परिणामस्वरूप यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। खरीदारी करने वाले ग्राहक भी सड़क पर खड़े होकर सामान देखते और खरीदते हैं, जिससे यातायात और बाधित होता है।

123

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अस्पताल जाने वाले मरीज और तीमारदार, साथ ही स्थानीय निवासी आवागमन करते हैं। सड़क पर अवैध रूप से सजी दुकानों और खड़े वाहनों के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। कई बार रास्ता अवरुद्ध होने पर कहासुनी और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। कुछ स्थानीय दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि अतिक्रमण का विरोध करने पर संबंधित लोग अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे आसपास के व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है और क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

123

क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। नियमित निरीक्षण, सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क मार्ग पूरी तरह खाली कराया जा सके और आमजन को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Share this story