प्लास्टिक मुक्त सावन की मुहिम तेज, काशी में 372 दुकानों पर लगाए जागरुकता स्टीकर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने 'स्वच्छ काशी, प्रतिबंधित प्लास्टिक मुक्त काशी' अभियान को तेज कर दिया है। अभियान के तहत शहर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

123

नगर निगम की टीम ने मैदागिन से गोदौलिया तक प्रमुख मार्ग पर स्थित 372 दुकानों पर जागरूकता स्टीकर चस्पा किए। इन स्टीकरों के माध्यम से दुकानदारों और ग्राहकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही निगम की आईईसी टीम ने जागरूकता रैली निकालकर व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त काशी के महत्व से अवगत कराया।

123

अभियान के तहत दशाश्वमेध घाट पर विशेष हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने प्लास्टिक मुक्त काशी का संकल्प लिया। युवाओं और पर्यटकों को इस अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से घाट पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां लोगों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तस्वीरें खिंचवाईं।

123

महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों, व्यापारियों, कांवड़ यात्रियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे काशी की धार्मिक गरिमा और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल काशी के निर्माण में सभी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Share this story