नशा मुक्ति के संदेश के साथ काशी में निकलेगी जनजागरण यात्रा, कई प्रदेशों के लोग होंगे शामिल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। समाज को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं अपराध मुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से शनिवार को शहर में एक भव्य नशा मुक्ति जनजागरण यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा भगवती मानव कल्याण संगठन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें करीब चार हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है।

संगठन के केंद्रीय प्रवक्ता रमेश चंद्र मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा दोपहर 12 बजे मालवीय प्रतिमा (लंका चौराहा) से प्रारंभ होगी। यहां से यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए लगभग नौ किलोमीटर की दूरी तय कर नदेसर क्षेत्र में समाप्त होगी। यात्रा के दौरान प्रतिभागी नशा मुक्ति, सामाजिक एकता और अपराध रहित समाज के निर्माण का संदेश देंगे।

इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेने पहुंच रहे हैं। 

प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लगभग 35 जिलों में इस तरह की यात्राएं पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं और आने वाले समय में इस अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक समाज के हर वर्ग में जागरूकता नहीं आएगी, तब तक नशे जैसी गंभीर समस्या से पूरी तरह मुक्ति पाना संभव नहीं है।

Share this story