जंसा थाने में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा, पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र ने शुक्रवार को थाना जंसा का निरीक्षण कर विवेचकगण के साथ समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। गोष्ठी के बाद उन्होंने पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अपर पुलिस उपायुक्त ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के साथ आवश्यक साक्ष्यों का प्रभावी ढंग से संकलन करने पर जोर दिया। उन्होंने ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से एसआईडी का समयबद्ध जनरेशन और यक्ष ऐप पर प्रविष्टियों को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। न्यायालय से जारी सम्मन और नोटिस की समय से तामील कराने तथा आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा।

123

सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जीरो फैटिलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान के तहत संवेदनशील स्थानों पर नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ नियमित पैदल गश्त पर भी जोर दिया गया। थाना क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम और आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। पिछले 10 वर्षों के अपराधियों का सत्यापन कर उनकी सतत निगरानी और सोशल मीडिया नीति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बालिका सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों को विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित भ्रमण कर जागरूकता व कार्रवाई करने को कहा गया।

गोष्ठी के बाद पैदल गश्त के दौरान दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर सुरक्षा संबंधी सुझाव लिए और संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

Share this story