गांधी जयंती पर पाण्डेयपुर में होगा पीडीए व्यापारी जिला सम्मेलन, सम्मेलन में व्यापारी हितों और संगठन विस्तार पर होगी चर्चा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। समाजवादी व्यापार सभा की ओर से व्यापारियों और वैश्य समाज को संगठन से जोड़ने के अभियान के तहत वाराणसी में पीडीए व्यापारी जिला सम्मेलन का आयोजन 2 अक्टूबर को किया जाएगा। पाण्डेयपुर-पैगम्बरपुर पंचक्रोशी रोड स्थित श्रीराम पीजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड एजुकेशन परिसर में सुबह 10 बजे से होने वाले सम्मेलन में 500 से अधिक व्यापारियों, पदाधिकारियों और वैश्य समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने का दावा किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी समाजवादी व्यापार सभा की ओर से ऐसे सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। 

समाजवादी व्यापार सभा के वाराणसी जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता और महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता ने बुधवार को संयुक्त प्रेसवार्ता में सम्मेलन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यापारी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य व्यापारियों और वैश्य समाज के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करने के साथ संगठन को मजबूत करना है। इसमें व्यापारियों की समस्याओं, उनके हितों से जुड़े विषयों तथा संगठन की आगामी गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन में चंदौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र सिंह और वाराणसी स्नातक खंड के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल और सपा प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया मौजूद रहेंगे।

प्रेसवार्ता में प्रदेश सचिव एवं वाराणसी मंडल प्रभारी मुरलीधर जायसवाल, राजकुमार यादव, संजीव जायसवाल, प्रदीप मोदनवाल, सोहन लाल चौरसिया, रवि जायसवाल, चरन दास गुप्ता, मो. अफजल सिद्दीकी, सुजीत गुप्ता, अजीत श्रीवास्तव, अभिषेक यादव डीएम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share this story