मंडुवाडीह में ड्यूटी पर जा रहे पीएसी जवान को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे 34वीं वाहिनी पीएसी के एक आरक्षी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार की टक्कर से उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

34वीं वाहिनी पीएसी के ई-दल में तैनात आरक्षी राजकुमार वर्तमान में भुल्लनपुर स्थित वाहिनी मुख्यालय में ट्रेनिंग रिजर्व के रूप में कार्यरत हैं। रविवार सुबह करीब 6:45 बजे वह अपने आवास केशरीपुर, भुल्लनपुर से ड्यूटी के लिए वाहिनी मुख्यालय जा रहे थे। इसी दौरान जीटी रोड पार करते समय UP-65 NT-2907 नंबर की एक कार ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार का पहिया आरक्षी के दाहिने हाथ पर चढ़ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और हाथ में फ्रैक्चर हो गया। हादसे की सूचना जीटी रोड पर एलपी ड्यूटी में तैनात आरक्षी शिव सागर सिंह ने तत्काल पीएसी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही पीएसी के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे तथा घायल आरक्षी को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा।

घायल आरक्षी राजकुमार ने मंडुवाडीह थाने में अज्ञात चालक के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this story