मां भीमचंडी देवी के जन्मोत्सव पर गूंजे रामायण के स्वर, विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजातालाब क्षेत्र के पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के दूसरे पड़ाव स्थित जय मां भीमचंडी देवी मंदिर में भाद्रपद कृष्ण पक्ष द्वितीया को मां भीमचंडी देवी का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव का शुभारंभ अखंड रामायण पाठ से हुआ। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रोहित मिश्र के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष गोपाल मिश्रा, शारदा प्रसाद मिश्रा और आचार्य रविशंकर मिश्र ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अर्जी लगाई। जन्मोत्सव के अवसर पर भक्ति जागरण और संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कलाकारों ने देवी भक्ति से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों और ग्रामीणों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम संयोजक संजय मिश्रा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। आयोजन में बिंदेश्वरी मिश्रा, सुरेंद्रनाथ मिश्रा, दयाशंकर मिश्र, महेंद्र मिश्र, दिनेश मिश्र, बबलू मिश्र, गुड्डू मिश्र और त्रिभुवन मिश्र समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहयोग किया। मनोकामना हनुमान मंदिर, भदवार के पुजारी बलदाऊ दुबे का भी विशेष सहयोग रहा। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और भंडारे के साथ मां भीमचंडी देवी का जन्मोत्सव भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

Share this story