नव संवत्सर पर सजी संस्कृति की भव्य छटा, ‘हिंदू रत्न सम्मान’ से नारी शक्ति का सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत नव कन्या देवी पूजन से हुई, जो सोनेश्वर बाबा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि अन्नपूर्णा मठ मंदिर के महंत शंकर पुरी जी महाराज और अध्यक्षता कर रहे गोरखनाथ मंदिर के महंत योगी रामनाथ जी महाराज ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर महेश चंद्र श्रीवास्तव, दीपक मधोक, मनोज मद्धेशिया और प्रियंका तिवारी (प्रधानाचार्य, हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
स्वस्तिवाचन के दौरान 15 बटुकों और 20 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार कर पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद ममता टंडन की शिष्याओं मांडवी सिंह और श्रुति ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। शिल्पा संगीत महाविद्यालय की आस्था प्रजापति और आंचल मिश्रा ने स्वागत गीत से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। निशामिका सेवा ट्रस्ट द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई पर समूह नृत्य, कथक नृत्य और सनबीम स्कूल वरुणा के विद्यार्थियों द्वारा “हिंदू नववर्ष की महत्ता” पर नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके साथ ही बांग्ला बाउल लोक नृत्य, ठुमरी, चैती गीत, महाभारत आधारित समूह नृत्य और “मसाने की होली” जैसी प्रस्तुतियों ने माहौल को रंगीन बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान “हिंदू रत्न सम्मान (नारी शक्ति)” के तहत डॉ. शालिनी टंडन, नीलू मिश्रा, चेतना तिवारी, वंदना रघुवंशी, जगदीश्वरी चौबे, प्रीति रवि जायसवाल, सोना मौर्य, शिल्पा गांगुली और सीमा चौधरी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले कलाकारों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।
एलईडी स्क्रीन के माध्यम से त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन के “हर घर भगवा ध्वज” 21 दिवसीय सांस्कृतिक जनजागरण अभियान की झलक भी दिखाई गई। वहीं निशामिका सेवा ट्रस्ट द्वारा शिव तांडव, “राम आएंगे” नृत्य तथा मंचदूतम् संस्था द्वारा योग और समूह गायन की प्रस्तुति ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। समूह योग और शौर्य प्रदर्शन, डमरू वादन, शंखनाद और महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका ने कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
अंत में मुख्य और विशिष्ट अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों, कलाकारों और संस्थाओं को सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन न केवल नव संवत्सर के स्वागत का प्रतीक बना, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और नारी सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी दे गया।
इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व महानगर प्रभारी मनीष मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अजय सिंह, उपाध्यक्ष सन्नी गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल, पूर्व मीडिया प्रभारी अश्वनी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, व्यापारी मंडल के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

