जेठ कालाष्टमी पर लाट भैरव मंदिर में उमड़ी श्रद्धा, मौसमी फलों का लगा भोग, हजारे दीप से हुई आरती
वाराणसी। कज्जाकपुरा स्थित लाट भैरव मंदिर में शनिवार को ज्येष्ठ कालाष्टमी के अवसर पर विशेष पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर बाबा श्री कपाल भैरव का दर्शन-पूजन किया।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान देवाधिदेव महादेव के रुद्रावतार माने जाने वाले बाबा श्री कपाल भैरव का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन एवं श्रृंगार किया गया। पूजन के उपरांत बाबा को खीरा, केला, फालसा, आम, जामुन, तरबूज और खरबूजा सहित विभिन्न मौसमी फलों का भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।

देर रात तक चले इस आयोजन में आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में हवन-पूजन का क्रम जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के बीच बाबा भैरव की आराधना की। विशेष आकर्षण के रूप में हजारे दीपक से भव्य आरती उतारी गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। दीपों की रोशनी और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोहित जायसवाल, प्रधानमंत्री मुन्ना लाल यादव, विक्रम सिंह राठौर, शिवम अग्रहरि, बच्चे लाल बिंद, आशीष कुशवाहा, रवि कुशवाहा, पवन गुप्ता और आलोक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

