अक्षय तृतीया पर बिंदु माधव मंदिर में विशेष पूजन और आरती, देश की समृद्धि व पर्यावरण संरक्षण की कामना की 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नमामि गंगे के तत्वावधान में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर काशी के प्राचीन बिंदु माधव मंदिर में रविवार को भव्य पूजन और आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान विष्णु के बिंदु माधव स्वरूप, माता लक्ष्मी और भगवान गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई।

श्रद्धालुओं और आयोजकों ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ भगवान विष्णु की आराधना की। “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय”, “ॐ नमो नारायणाय” सहित विभिन्न मंत्रों के जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। साथ ही देश के उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

पूजन के बाद नमामि गंगे की टीम ने पंचगंगा घाट पर स्वच्छता अभियान भी चलाया। इस दौरान लोगों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और संस्कार का हिस्सा बनाने की अपील की गई। अभियान में शामिल कार्यकर्ताओं ने घाट परिसर की सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि देश और समाज के कल्याण के लिए एक सामूहिक संकल्प है। उन्होंने भगवान विष्णु से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश को हर संकट से बचाएं, नागरिकों को स्वस्थ और खुशहाल रखें तथा भारत की संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करें।

इस अवसर पर बिंदु माधव मंदिर के महंत पंडित मुरलीधर पटवर्धन सहित वीरेंद्र सिंह, सुशील दीक्षित, अभिजीत सिंह, आनंद सिंह, उज्जवल और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share this story