सावन के अंतिम सोमवार को श्री अग्रसेन युवा मंच की ओर से रुद्राभिषेक, जनकल्याण और विश्व शांति की कामना की
वाराणसी। श्री अग्रसेन युवा मंच की ओर से जनकल्याण, विश्व शांति और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर छोटी पियरी स्थित मंच कार्यालय में भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव और जय श्री अग्रसेन के जयकारों से गूंजता रहा।

रुद्राभिषेक में वैदिक ब्राह्मणों के सानिध्य में आचार्य ने शास्त्रोंक्त विधि से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कराई। भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, पंचामृत और विभिन्न औषधियों से अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से जनकल्याण, विश्व शांति और समाज में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। आयोजन के दौरान भगवान विश्वनाथ और भूतभावन भोलेनाथ की विशेष पूजा की गई। विधि-विधान से पूजन संपन्न होने के बाद भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। इसमें मंच के पदाधिकारियों, सदस्यों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महाआरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

श्री अग्रसेन युवा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी निरंतर भागीदारी करती है। काशी की पावन धरती पर आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और समाज सेवा से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करना भी है।
कार्यक्रम में मंच अध्यक्ष शुभम अग्रवाल, उपाध्यक्ष ह्रदेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष भावेश अग्रवाल, महामंत्री हर्षद अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, श्री श्याम दरबारी मंडल के मुख्य प्रभारी शैलेश गुप्ता, विजय अग्रवाल और भव्येश शाह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, युवा सदस्य और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजन के समापन पर मंच प्रतिनिधियों ने रुद्राभिषेक में शामिल सभी सदस्यों, सहयोगियों और धर्मानुरागी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने भविष्य में भी धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

