पीएम मोदी के जन्मदिन पर मंत्री अनिल राजभर ने किया रक्तदान, रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
वाराणसी। प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को जिले में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने चांदमारी स्थित मेडिस्योर एवं भगवान बुद्धा चेरिटेबल ब्लड सेंटर में सामूहिक रक्तदान किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
रिंग रोड ओवरब्रिज के पास आयोजित कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर ने रक्तदान कर सेवा और जनकल्याण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। इससे बड़ा मानवीय सेवा कार्य कोई नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मनाते हुए रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
मंत्री ने रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने के लिए उनका आभार जताया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी रक्तदान कर सामाजिक सरोकार और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
ब्लड सेंटर की चिकित्सकीय टीम और कर्मचारियों ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच की। निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद रक्त संग्रह किया गया। शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों में उत्साह देखने को मिला।
लोगों में वितरित किए फल
रक्तदान कार्यक्रम के बाद मंत्री अनिल राजभर ने लोगों के बीच फल वितरित किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। मंत्री ने कहा कि देश और समाज की सेवा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए। उन्होंने रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए लोगों को प्रेरित किया।
सेवा और जनकल्याण का दिया संदेश
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से रक्तदान और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन में स्थानीय एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

