निर्भया दिवस पर बेटियों की सुरक्षा को लेकर राजातालाब तहसील पर प्रदर्शन, सैकड़ों महिलाओं ने निकाली जन आक्रोश साइकिल रैली

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी।निर्भया दिवस के अवसर पर मंगलवार को बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जोरदार आवाज उठाई गई। प्रधानमंत्री के सांसद आदर्श नागेपुर से आशा ट्रस्ट और लोक समिति के संयुक्त तत्वावधान में जन आक्रोश साइकिल रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। रैली का उद्देश्य घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव, यौन उत्पीड़न और शराब बिक्री के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना रहा।

आराजीलाइन और सेवापुरी ब्लॉक के दर्जनों गांवों से आई महिलाएं और बालिकाएं नागेपुर स्थित लोक समिति आश्रम पर एकत्र हुईं। वहां से साइकिल रैली नागेपुर, मेंहदीगंज, बीरभानपुर, कचनार, राजातालाब बाजार और आराजीलाइन ब्लॉक मुख्यालय होते हुए राजातालाब तहसील पहुंची। तहसील गेट पर पहुंचकर प्रतिभागियों ने हाथों में तख्ती और बैनर लेकर बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान महिला हिंसा बंद करो, छेड़खानी पर रोक लगाओ, शराब बेचना बंद करो, चुप नहीं रहना है, हिंसा नहीं सहना है जैसे नारे लगाए गए। इस मौके पर निर्भया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए महिला हिंसा को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया गया। प्रतिरोध सभा में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़खानी, लैंगिक भेदभाव और यौन हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर सरकार और समाज को सख्ती से रोक लगानी होगी।

प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित 12 सूत्रीय मांग पत्र नायब तहसीलदार को सौंपा गया। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि गांव और शहर हर जगह महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार को दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि महिला हिंसा के खिलाफ बीते 25 नवंबर से आराजीलाइन और सेवापुरी ब्लॉक के करीब 80 गांवों में रैली, नुक्कड़ सभा, कैंडल मार्च और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरियां और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। रैली का नेतृत्व किशोरी संयोजिका सोनी ने किया, अध्यक्षता अनीता ने की और संचालन लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने किया।

Share this story