देवोत्थान एकादशी पर अस्सी से गंगा महल घाट तक उमड़ी आस्थावानों की भीड़, महिलाओं ने किया तुलसी पूजन
मिट्टी से बनाई भीम की आकृति पर चढ़ाई मूली, लौकी और बैंगन, गंगा स्नान के बाद दीप जलाकर उतारी आरती
भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य
वाराणसी। देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार को काशी के अस्सी, तुलसी और गंगा महल घाट पर आस्था और लोक परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही घाटों पर महिलाओं की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने मिट्टी से भीम की आकृति बनाकर उस पर मूली, लौकी और बैंगन सहित मौसमी सब्जियां अर्पित कीं। वहीं, माता तुलसी का विधि-विधान से पूजन कर दीप जलाए और आरती उतारी।
घाट पर मौजूद बटुक महाराज ने बताया कि देवोत्थान एकादशी पर गंगा स्नान और तुलसी पूजन की विशेष परंपरा है। महिलाएं मिट्टी से भीम की आकृति बनाकर उस पर मौसमी सब्जियां चढ़ाती हैं। इसके बाद माता तुलसी की पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु के जागरण की मंगलकामना करती हैं। कई परिवारों में घर के आंगन में स्थापित तुलसी के पौधे का भी विशेष शृंगार किया गया।

चार महीने बाद योगनिद्रा से जागते हैं भगवान विष्णु
धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनके जागने के साथ चातुर्मास समाप्त होता है। इसे देवोत्थान, देवउठनी और हरि प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। इस दिन घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु की पूजा, भजन-कीर्तन और दीपदान किया जाता है।

तुलसी विवाह के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत
देवोत्थान एकादशी पर तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह की विशेष परंपरा है। घरों में तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाकर गन्ने का मंडप बनाया जाता है। फूल, चुनरी, रोली, अक्षत और दीप से विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है। चातुर्मास में रुके विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी इसी दिन से मानी जाती है।

गंगा स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व
कार्तिक मास में देवोत्थान एकादशी से पूर्णिमा तक गंगा स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु स्नान के बाद अन्न, वस्त्र, फल और दक्षिणा का दान करते हैं। काशी के घाटों पर गंगा स्नान, तुलसी पूजन, मिट्टी की आकृतियों और मंगल गीतों के बीच पर्व की पारंपरिक छटा देखने को मिली।



