देव दीपावली पर गंगा घाटों के साथ वरुणा तट, तालाब और कुंड भी जगमगाएंगे, मंत्री रविंद्र जायसवाल ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश
वाराणसी। देव दीपावली पर इस बार गंगा के घाटों के साथ वरुणा नदी के तट, शहर के प्रमुख तालाब और कुंड भी दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। पर्व को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने रविवार को सर्किट हाउस में प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन में आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि गंगा के सभी घाटों की समितियों को दीपदान के लिए दीया, तेल और बाती समय से उपलब्ध कराए जाएं। इसी तरह वरुणा नदी के किनारे स्थित घाटों और शहर के प्रमुख तालाबों एवं कुंडों की समितियों को भी उनकी आवश्यकता के अनुसार सामग्री दी जाए। इससे देव दीपावली का उत्सव केवल गंगा घाटों तक सीमित न रहकर पूरे शहर में दिखाई देगा।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सोमवार को शहर के तालाबों और कुंडों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने तथा दवाओं का समुचित छिड़काव कराने का निर्देश दिया। कहा कि पर्व के दौरान स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
घाटों तक पहुंचने में न हो परेशानी
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने एसपी ट्रैफिक को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। नमो घाट, दशाश्वमेध सहित प्रमुख घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर बड़े वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की जाए, लेकिन मार्गों को काफी पहले से पूरी तरह बंद न किया जाए। जहां बड़े वाहनों का प्रवेश रोका जाए, वहां टोटो के आवागमन की अनुमति दी जाए, ताकि लोगों को घाटों तक पहुंचने में सहूलियत मिले।
संकरी गलियों में भी अलर्ट रहेंगे अग्निशमन दस्ते
मंत्री ने अग्निशमन विभाग को पर्व के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अग्निशमन दस्तों के साथ दोपहिया अग्निशमन वाहनों को भी अलर्ट मोड में रखा जाए, ताकि पुराने और घनी आबादी वाले मोहल्लों की संकरी गलियों में आग लगने की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
विद्युत विभाग के अभियंताओं को गंगा घाटों सहित पूरे शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान बिजली व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही या व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में एडीएम, एसपी ट्रैफिक, नगर निगम, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

