वाराणसी स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता का संदेश, यात्रियों को किया जागरूक
वाराणसी। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत बुधवार को वाराणसी रेलवे स्टेशन के मुख्य हाल में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर यात्रियों, वेंडरों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक ब्रजेश यादव, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता के नेतृत्व में किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने अपने प्रदर्शन के जरिए स्टेशन परिसर और ट्रेनों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों से अपील की गई कि यात्रा के दौरान स्टेशन और ट्रेन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। खाने-पीने के बाद निकलने वाले कागज, प्लास्टिक और अन्य कचरे को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। रेल कर्मचारियों और वेंडरों से भी स्टेशन परिसर को साफ रखने में सहयोग की अपील की गई।

रेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य यात्रियों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, अमित कुमार, प्रभात कुमार, वाणिज्य निरीक्षक सुबोध विश्वकर्मा, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक अजय मिश्रा, एसएसई सिग्नल अमन कुमार, राजकुमार सिंह, प्रवीण सिंह, सफाई प्रबंधक चंद्र भूषण गिरी, श्याम जी पांडेय सहित अन्य रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

