वाराणसी में विकास योजनाओं की समीक्षा करने लखनऊ से पहुंचे नोडल अफसर डॉ राजशेखर, हर विभाग के अफसरों की ली क्लास

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जनपद के नोडल अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश जलनिगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक डॉ राजशेखर की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी विभाग अपने-अपने विकास कार्यक्रमों में लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें और जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

सीएम डैशबोर्ड पर योजनाओं की गहन समीक्षा
बैठक में सत्येंद्र कुमार ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। नोडल अधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से होना चाहिए।

ं

अवसंरचना, स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान अवसंरचना विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, लोक निर्माण, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, पेयजल, महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाए और लाभार्थीपरक योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।

पेंशन, पोषण और सड़क निर्माण को लेकर दिए सख्त निर्देश
बैठक में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लंबित मामलों में आधार सीडिंग का कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को निर्माणाधीन सड़कों को शीघ्र पूरा करने को कहा गया। कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

ं

जननी सुरक्षा योजना और पेयजल योजनाओं की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग को जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सभी लाभार्थियों का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नमामि गंगे के तहत पेयजल आपूर्ति के लिए घर-घर कनेक्शन देने की प्रक्रिया को तेज करने को कहा गया। सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
नोडल अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया, ताकि जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

ं

बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जलनिगम, शिक्षा, पर्यटन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story