बरेका में नौ कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई, मार्च में हुए थे रिटायर

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मार्च में नौ कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर मंगलवार को प्रशासन भवन के कीर्ति कक्ष में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी जनार्दन सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मेडल एवं फोल्डर भेंट कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए ससम्मान विदाई दी।
सेवानिवृत्त होने वाले प्रमुख कर्मचारियों में टी.जी.टी. डॉ. जगदीश नारायण द्विवेदी, मुख्य कार्यालय अधीक्षक श्री राधेश्याम सिंह, तापस राय चौधरी, राजेंद्र प्रसाद, मुख्य फार्मासिस्ट दिलीप कुमार सिंह, लेखा सहायक सुनील कुमार गुप्ता, एस.एस.ई. भानु प्रताप सिंह, जलसय मांझी और देवेंद्र कुमार शामिल रहे।
समारोह में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके संचित धन को सरकारी संस्थानों में निवेश करने का सुझाव दिया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समाज कल्याण के कार्यों से जुड़े रहने और अधिक समय अपने परिवार के साथ व्यतीत करने की सलाह भी दी।
इस अवसर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बरेका शाखा के प्रबंधक पवन वर्दियार और बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि धर्मेंद्र वर्मा ने कर्मचारियों को सुरक्षित और लाभदायक निवेश के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही, उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उपहार भेंट कर उनकी भावनात्मक विदाई की।
बरेका कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन सिन्हा और धर्मेंद्र सिंह ने भी कर्मचारियों को स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) राज कुमार गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज ने किया।
लेखा एवं कार्मिक विभाग के सहयोग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एकमुश्त भुगतान भी किया गया, जिससे उनकी वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित हो सके।