मीरघाट पर एनडीआरएफ की तत्परता से गंगा में डूब रही किशोरी की बची जान
वाराणसी। गंगा घाटों पर बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एनडीआरएफ की सतर्कता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। रविवार को मीर घाट पर स्नान के दौरान डूब रही 16 वर्षीय किशोरी को एनडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बचा लिया।
किशोरी बिहार के मुंगेर जिले की निवासी है और वाराणसी आई हुई थी। स्नान के दौरान वह अचानक असंतुलित होकर गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन उसी दौरान पिकेट ड्यूटी पर तैनात एनडीआरएफ के जवान आलेखा चंद जीना की नजर उस पर पड़ गई।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आलेखा चंद जीना ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी और तेजी से युवती तक पहुंचकर उसे बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित घाट पर लाया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य होने तक आवश्यक प्राथमिक सहायता दी गई।
एनडीआरएफ वाराणसी, उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में गंगा घाटों पर लगातार सतर्कता के साथ तैनात है। टीम के प्रशिक्षित जवान किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

