बारिश के बीच नगर निगम अलर्ट, सीवर चैंबर और गली पिट की युद्ध स्तर पर सफाई, शिकायतों के तत्काल निस्तारण के निर्देश
वाराणसी। शहर में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच नगर निगम प्रशासन ने जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाओं से निपटने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय हैं। सड़कों, गली पिट और सीवर चैंबरों से प्लास्टिक व कूड़ा हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रखने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम के अनुसार बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीवर चैंबर और गली पिट पर जमा कचरे को हटाने से पानी की निकासी आसान हो रही है। निगम का दावा है कि अभियान के चलते शहर के अधिकांश प्रमुख और निचले क्षेत्रों में फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।
बारिश के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ और उनकी डालियां गिरने की शिकायतें भी सामने आई हैं। निगम की टीमों ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर कटिंग हटाने का काम शुरू किया। कमिश्नर आवास परिसर में गिरे पेड़ को काटकर हटाया गया। इसके अलावा सुंदरपुर रोड, भिखारीपुर और मैदागिन चौराहे से भी गिरी हुई पेड़ों की डालियों और कटिंग को हटाया गया।

सिगरा स्थित बंशीधर अपार्टमेंट के पास भी पेड़ की कटिंग हटाने का कार्य कराया जा रहा है। नगर निगम की ओर से बताया गया कि बारिश के दौरान किसी भी स्थान पर पेड़ या डालियां गिरने की सूचना मिलने पर संबंधित टीम को मौके पर भेजकर रास्ता साफ कराने की कार्रवाई की जा रही है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव, सीवर चैंबर में रुकावट अथवा पेड़ गिरने से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए।

नगर निगम कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का बिना देरी निस्तारण कराने के साथ ही अधिकारियों को मौके की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद लेने के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन ने बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने के लिए टीमों को सक्रिय रखने की बात कही है।

