भेलूपुर में मां-बेटी के साथ मारपीट; पिता समेत पांच पर मुकदमा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शुकुलपुरा इलाके में पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक ही परिवार के पांच लोगों ने मां और बेटी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पिता, भाई, भाभी, चाचा और चाची के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शुकुलपुरा निवासी अन्नू ने भेलूपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पहले उनके परिवार के लोगों ने उनकी मां के साथ मारपीट की। जब उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट करने लगे।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान उन्हें और उनकी मां को धमकियां भी दी गईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत पुलिस को दी।

भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि अन्नू की तहरीर के आधार पर उनके पिता, भाई, भाभी, चाचा और चाची के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this story