13 दिन बाद मां-बेटे की सकुशल बरामदगी : फूलपुर पुलिस की सक्रियता से परिजनों ने ली राहत की सांस, सोशल मीडिया व सीसीटीवी से मिली बड़ी सफलता
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन अंतर्गत थाना फूलपुर पुलिस ने तत्परता और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से गुमशुदा महिला और उसके छह वर्षीय पुत्र को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। करीब 13 दिन से लापता मां-बेटे की सुरक्षित वापसी से परिवार ने राहत की सांस ली है।
पारिवारिक विवाद के बाद घर से गई थीं महिला
पुलिस के अनुसार, ग्राम दबेथुआ, थाना फूलपुर निवासी नेहा कन्नौजिया (उम्र लगभग 30 वर्ष) 8 फरवरी 2026 को पारिवारिक विवाद और काम के सिलसिले में अपने छह वर्षीय पुत्र के साथ घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

आखिरकार महिला की सास द्वारा थाना फूलपुर में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया और सर्विलांस की मदद से मिली सफलता
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी कठिराव उ0नि0 सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने सोशल मीडिया, सर्विलांस सेल और विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुराग जुटाने शुरू किए।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने जनपद बदायूं से महिला और उसके पुत्र को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को सुरक्षित उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
परिवार ने जताया आभार
मां-बेटे की सुरक्षित बरामदगी से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस टीम की सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन की सुरक्षा और सहायता उनकी प्राथमिकता है, और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाती रहेगी।

