पंचकोशी यात्रियों की सेवा में समर्पित मोहन मिश्रा, कर्दमेश्वर महादेव धाम पर एक माह से चल रहा नि:शुल्क पेयजल अभियान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी की प्राचीन धार्मिक परंपराओं में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली पंचकोशी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए समाजसेवी मोहन मिश्रा द्वारा चलाया जा रहा नि:शुल्क पेयजल सेवा अभियान इन दिनों लोगों के बीच आकर्षण और सराहना का केंद्र बना हुआ है। भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में यह सेवा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

वार्ड संख्या 19 स्थित कंदवा के प्राचीन श्री कर्दमेश्वर महादेव मंदिर धाम पर पिछले 25 दिनों से लगातार श्रद्धालुओं, यात्रियों और राहगीरों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही नींबू पानी और चीनी के शरबत की भी नि:शुल्क व्यवस्था की गई है, जिससे लंबी दूरी तय कर रहे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके।

123

बुधवार को भी यह सेवा अभियान पूरी सक्रियता के साथ जारी रहा। पंचकोशी मार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पेयजल और शीतल पेय का लाभ उठाया। मंदिर परिसर में बनाए गए सेवा केंद्र पर स्वयंसेवक यात्रियों को लगातार पानी और शरबत वितरित करते रहे। श्रद्धालुओं ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

समाजसेवी मोहन मिश्रा ने बताया कि पंचकोशी यात्रा केवल एक धार्मिक परिक्रमा नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते हैं और कई किलोमीटर की पैदल यात्रा कर विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सामाजिक और धार्मिक दायित्व दोनों है।

उन्होंने कहा कि यह सेवा अभियान पूरे एक माह तक संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन शुद्ध एवं ठंडे पानी के साथ नींबू पानी और शरबत की व्यवस्था की जाती है ताकि यात्रियों को लू और गर्मी से बचाया जा सके। उनका उद्देश्य केवल मानव सेवा और श्रद्धालुओं की सहायता करना है।

स्थानीय नागरिकों, मंदिर समिति के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। उनका कहना है कि धार्मिक आयोजनों और यात्राओं के दौरान इस प्रकार की सेवाएं न केवल श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में सहयोग, सेवा और मानवीय संवेदनाओं की भावना को भी मजबूत करती हैं।

कर्दमेश्वर महादेव मंदिर धाम पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और इस नि:शुल्क सेवा का लाभ उठा रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि मोहन मिश्रा की यह पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और अन्य लोगों को भी जनहित के कार्यों में आगे आने के लिए प्रोत्साहित करती है। इस अवसर पर मंदिर से जुड़े श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और अनेक सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Share this story