मॉडल इंग्लिश स्कूल का वार्षिकोत्सव : सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा मंच, जादूगर रमेश ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विकासखंड सेवापुरी के खगरामपुर स्थित मॉडल इंग्लिश स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग श्रृंखला शुरू हुई।

123

बच्चों ने समूह गीत, देशभक्ति नृत्य, लोकनृत्य, हास्य चुटकुले और लघु नाटिकाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गूंज से बच्चों का उत्साह बढ़ाया। अभिभावक और ग्रामीणजन विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और मंच प्रदर्शन देखकर भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया।

123

समारोह का मुख्य आकर्षण रहे आर.के. जादूगर रमेश। उन्होंने अपने रोमांचक और हैरतअंगेज जादुई करतबों से बच्चों और उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके हर जादू पर बच्चों की आंखों में आश्चर्य और चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। जादूगर के प्रदर्शन ने कार्यक्रम में विशेष रोमांच भर दिया।

123

इस अवसर पर शैक्षिक, सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय बच्चों के चेहरे खुशी से दमक उठे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भूतपूर्व प्रधानाध्यापक भाई लाल विश्वकर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम प्रधान बनारसी चौहान, कमलेश कुमार, एनपीआरसी राजेश कुमार सिंह, एसएमसी अध्यक्ष आद्या प्रसाद, सुनीता एवं रिंकू विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन अवधेश कुमार विश्वकर्मा ने किया, जबकि प्रधानाध्यापक सतीश कुमार ने समापन संबोधन में सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और विद्यालय तथा गांव के बीच सामंजस्य को मजबूत करते हैं।

Share this story