रविंद्रपुरी में सड़क किनारे मिला अधेड़ का शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रविंद्रपुरी स्थित लेन नंबर-10 में बुधवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस घटना की जांच में जुटी रही।
पुलिस के अनुसार पीआरबी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि रविंद्रपुरी लेन नंबर-10 में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो करीब 54 वर्षीय व्यक्ति मृत पाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मृतक के पास से एक आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसमें उसका नाम अजय चौहान पुत्र पूरन चंद चौहान दर्ज था। आधार कार्ड पर अंकित पते के अनुसार वह महमूरगंज क्षेत्र के मीरबाग, औरंगाबाद का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान करते हुए परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया। विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। ऐसे में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
भेलूपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति के पास मृतक के संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी हो तो वह थाना भेलूपुर के मोबाइल नंबर 6394531448 पर संपर्क कर सूचना दे सकता है।

