कपसेठी स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र में कपसेठी रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर आगे शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन तत्काल मृतक के नाम और पते की पुष्टि नहीं हो सकी। कालिका बाजार चौकी प्रभारी मधुसूदन त्रिपाठी के अनुसार मृतक का शव रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच पड़ा मिला था। घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। आधार कार्ड पर शारदा प्रसाद यादव, पिता रामपति यादव का नाम दर्ज है। इसमें पता कानपुर आगरा ट्रांसपोर्ट, 2nd फेज, भारत कम्पाउंड, नियर अरोकम जीआईडीसी, वापी परदी, जिला वलसाड (गुजरात) दर्ज है। आधार कार्ड मिलने के बाद पुलिस को मृतक की पहचान के संबंध में अहम सुराग मिला है।

हालांकि हादसे में मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण आधार कार्ड पर लगी तस्वीर से तत्काल उसकी पहचान करना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा है। पुलिस अब आधार कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर गुजरात में संबंधित थाना क्षेत्र से संपर्क कर रही है, ताकि मृतक की पहचान की पुष्टि की जा सके।

चौकी प्रभारी ने बताया कि गुजरात के संबंधित नजदीकी थाने को घटना की सूचना भेज दी गई है। वहां से मृतक के परिजनों या परिचितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही स्थानीय स्तर पर भी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this story