काशी विद्यापीठ के एनएसएस शिविर में नशामुक्ति का संदेश, जागरुकता रैली से युवाओं को किया प्रेरित

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर के पांचवें दिन नगवा स्थित गायत्री शक्तिपीठ में नशामुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः प्रार्थना और लक्ष्य गीत के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के निर्देशन, एनएसएस समन्वयक डॉ. रविन्द्र कुमार गौतम के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. हंसराज, धनंजय कुमार शर्मा, डॉ. शशांक चंदेल और डॉ. दिनेश कुमार की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि नगवा वार्ड के सभासद प्रतिनिधि रविंद्र कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगवा चौकी इंचार्ज दयाशंकर और लंका थाना की उप निरीक्षक पुष्पा सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने की अपील की। इस दौरान कांस्टेबल बृजेश ठाकुर और केतन मौर्य भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गायत्री शक्तिपीठ के प्रबंधक रमाकांत पाठक ने की। वहीं गायत्रीपीठ परिवार के बीरेंद्र प्रताप ने गीत के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया, जिसने सभी को प्रभावित किया। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक नशामुक्ति रैली निकाली। रैली के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, सशक्त राष्ट्र” जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया। स्थानीय नागरिकों ने भी इसमें भाग लेकर इस अभियान का समर्थन किया।

Share this story