अस्सी घाट पर स्वच्छता का महाअभियान, गंगा संरक्षण का दिया संदेश
वाराणसी। मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता को बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को अस्सी घाट पर नमामि गंगे के तत्वावधान में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरुकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने घाट की सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर प्लास्टिक, पॉलीथिन, पूजा सामग्री तथा अन्य कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने "जन-जन का हो यही प्रयास, स्वच्छ रहे हर गंगा घाट", "सबका साथ हो, गंगा साफ हो" तथा "गंदगी है तो बीमारी है, सफाई है तो स्वास्थ्य है" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं, दुकानदारों और पर्यटकों से गंगा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कपड़े के झोलों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश नमामि गंगे विभाग के संयोजक श्रीकृष्ण दीक्षित ने कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और सभ्यता की आधारशिला हैं तथा उनकी पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा की स्वच्छता हमारी संस्कृति और परंपरा से जुड़ा विषय है, जिसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।

अभियान में सारिका गुप्ता, पुष्पलता वर्मा, गीता दीक्षित, अतुल गुप्ता, अनूप भदौरिया, मनीष बाजपेयी, विधि दीक्षित, राहुल खन्ना सहित बड़ी संख्या में गंगा सेवकों और स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। अंत में सभी ने गंगा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने का संकल्प लिया।

