महिला दिवस पर वाराणसी में वृहद स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान, सिगरा स्टेडियम में होगी निःशुल्क जांच
वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को वाराणसी में महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वृहद स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान आयोजित किया जाएगा। यह शिविर सिगरा स्टेडियम में रविवार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा, जिसमें 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की निःशुल्क जांच की जाएगी।
“स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान के तहत पहल
प्रधानमंत्री के “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान से प्रेरित होकर वाराणसी संसदीय क्षेत्र में महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए यह विशेष पहल की जा रही है। इस अभियान के तहत आईटीवी फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत 14 जनवरी 2026 से महिलाओं में स्तन कैंसर की जांच का अभियान चलाया जा रहा है।
अब तक 36 हजार से अधिक महिलाओं की हो चुकी जांच
इस अभियान के अंतर्गत अब तक बड़ी संख्या में महिलाओं की जांच की जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार 6 मार्च 2026 तक लगभग 36 हजार महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और प्रतिदिन करीब 800 से 900 महिलाओं की जांच की जा रही है।
“नो सी, नो टच” तकनीक से होगी जांच
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि स्क्रीनिंग पूरी तरह से “नो सी, नो टच” तकनीक से की जाएगी। इसके लिए एआई आधारित थर्मल इमेजिंग तकनीक (थर्मलाइटिक्स) का उपयोग किया जाएगा। यह जांच पद्धति नॉन-इनवेसिव, रेडिएशन-फ्री और बिना संपर्क के की जाती है, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक जांच उपलब्ध हो सकेगी।
जागरूकता और समय पर इलाज है लक्ष्य
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
महिलाओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने कहा कि यह अभियान महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिले की महिलाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क जांच का लाभ उठाएं और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें।
विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। नगर निगम वाराणसी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। वहीं यातायात पुलिस पार्किंग और ट्रैफिक संचालन की व्यवस्था संभालेगी। स्वास्थ्य विभाग स्क्रीनिंग और चिकित्सकीय व्यवस्था करेगा, जबकि अग्निशमन विभाग सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा स्मार्ट सिटी वाराणसी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

