मंडुवाडीह पुलिस की कार्रवाई : चोरी के मोबाइल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडुवाडीह थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत की गई गिरफ्तारी
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में थाना मंडुवाडीह पुलिस टीम ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मो. शाहिद अंसारी उर्फ राजू अंसारी को भुल्लनपुर रेलवे स्टेशन के पास से शनिवार को दोपहर करीब 1:30 बजे गिरफ्तार किया।

दुकान में हुई चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार 27 दिसंबर को वादी राकेश कुमार गुप्ता निवासी लखनपुर भुल्लनपुर ने थाना मंडुवाडीह में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25-26 दिसंबर 2025 की रात उनकी ‘त्रिमूर्ति इंटर प्राइजेज’ नामक दुकान से अज्ञात चोरों ने तीन वीवो मोबाइल और सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर लिया था।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं।
ये है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी मो. शाहिद अंसारी उर्फ राजू अंसारी (40 वर्ष) पुत्र नुरूद्दीन अंसारी निवासी कनई सराय, कस्बा हरपालपुर, थाना लोहता का रहने वाला है।
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और संबंधित अपराधों के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी पर मंडुवाडीह, भेलूपुर और सिगरा थाना क्षेत्रों में चोरी और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक चन्द्रकान्त, हेड कांस्टेबल केशव प्रसाद और हेड कांस्टेबल दीपक कुमार पाण्डेय की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

