बनारस स्टेशन के बाहर मिला व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन के बाहर प्लेटफार्म नंबर एक के सामने मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मंडुवाडीह थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, स्टेशन के बाहर शव पड़ा होने की जानकारी मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद लोगों और स्टेशन परिसर में यात्रियों से पूछताछ कर मृतक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना प्रसारित कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि व्यक्ति स्टेशन परिसर में कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मंडुवाडीह थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो या किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना हो तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें। जानकारी देने के लिए मोबाइल नंबर 7839853246 जारी किया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए प्रयास कर रही है।

Share this story