15 साल की नाबालिग छात्रा को भगा ले जाने वाला युवक गिरफ्तार, छात्रा मिली

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद पुलिस ने सोमवार सुबह कार्रवाई करते हुए 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया और उसके साथ मौजूद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।

परीक्षा देने निकली थी छात्रा, घर नहीं लौटी
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि क्षेत्र की एक छात्रा 11 मार्च को परीक्षा देने के लिए घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो छात्रा की मां ने पुलिस से शिकायत की।

युवक के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
छात्रा की मां की तहरीर पर रविवार को पुलिस ने बेनीपुर (चंगवार) निवासी रोहित प्रजापति के खिलाफ बहला-फुसलाकर नाबालिग को भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई थी।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
सोमवार सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी युवक छात्रा के साथ खजुरी के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नाबालिग छात्रा को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आई यह बात
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि वह छात्रा से प्रेम करता है और करीब छह महीने से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। उसने बताया कि पैसे खत्म हो जाने के कारण वह छात्रा को लेकर वापस घर लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने नाबालिग छात्रा को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और आरोपी युवक को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं पुलिस मामले की आगे की जांच भी कर रही है।

Share this story