विकसित भारत में छात्रों की भूमिका’ पर मंथन करेगा मालवीय प्रेरणा सम्मान समारोह, मेधावियों का होगा सम्मान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महामना वेलफेयर सोसाइटी की ओर से 18 जुलाई 2026 को नदेसर स्थित होटल रेडिसन में आयोजित होने वाले ‘मालवीय प्रेरणा सम्मान समारोह’ एवं ‘विकसित भारत में छात्रों का योगदान’ विषयक विशेष कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। संस्था के अध्यक्ष विवेक सिंह (अभिषेक) ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षकों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

उन्होंने बताया कि समारोह का उद्देश्य महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाना है। इसी सोच के तहत देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है तथा यह कार्यक्रम उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

विवेक सिंह ने बताया कि समारोह में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, डीन एवं निदेशक, न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी तथा बीपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा, प्रशासन और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्व भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का अभियान है। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ वक्ता विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को मार्गदर्शन और नई प्रेरणा मिलेगी।

संस्था की ओर से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों, समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई। प्रेस वार्ता में कुंवर दिव्यांशु सिंह, अमित जायसवाल, प्रियांशु पांडेय, देवराज प्रिंस, मुकेश पटेल, शिवम और निखिल पटेल सहित संस्था के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसहभागिता का आह्वान किया।

Share this story