रक्तदान महादान: माहेश्वरी क्लब के शिविर में 165 यूनिट रक्त संग्रह, सैकड़ों लोगों को मिला जीवनदान
वाराणसी। महमूरगंज स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 165 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। “रक्तदान महादान है” के संदेश के साथ आयोजित इस शिविर ने मानव सेवा की मिसाल पेश की, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन को बचाने का संकल्प लिया।

“एक यूनिट रक्त से बच सकती हैं तीन जिंदगियां” – प्रदीप अग्रहरि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि रक्तदान का कोई विकल्प नहीं है। एक यूनिट रक्त (लगभग 450 मिली) तीन लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान न सिर्फ मरीज को नया जीवन देता है, बल्कि उसके परिवार को भी संकट से बचाता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
सामाजिक संगठनों की संयुक्त पहल
यह रक्तदान शिविर माहेश्वरी क्लब वाराणसी, रोटरी क्लब वाराणसी ग्रेटर, रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल, भारत विकास परिषद वाराणसी सिटी और इनर व्हील क्लब वाराणसी ग्रेटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसे सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया।

डॉक्टरों की टीम ने दिया सहयोग
शिविर में श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल के डॉ. अभिषेक राय, डॉ. संजीव सिंह, डॉ. सुनील शाह सहित उनकी टीम ने विशेष सहयोग दिया। रक्तदान के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए।
निःशुल्क जांच की भी रही व्यवस्था
शिविर में रक्तदान के साथ ही लोगों के लिए निःशुल्क रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन और आंखों की जांच की व्यवस्था भी की गई। माहेश्वरी क्लब के अध्यक्ष बालकिशन असावा ने बताया कि समाज द्वारा हर 3 से 4 महीने में ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
समाज के गौरीशंकर नेवर और दीपक माहेश्वरी ने सभी रक्तदाताओं को सम्मान पत्र और बिल्ला देकर सम्मानित किया। इस दौरान अदिति बिसानी, निलेश चांडक, लोकेंद्र करवा, कुशाग्र अग्रवाल, धीरज मल, पवन धूत, राधा सोनी, प्रियंका सारडा, मनीष माहेश्वरी, अलका चांडक, संजय मालू, कविता झवर, सिद्धार्थ लड्ढा, गिरिराज कोठारी, राकेश कचोलिया, सुनीता दरक, संदीप चांडक, आदित्य राठी, समर्थ भूराडिया, अंजू बियानी, किशोर मुंदड़ा, राजेश बाहेती सहित अनेक लोगों ने रक्तदान किया।

