यूपी कॉलेज छात्र हत्याकांड की मजिस्ट्रियल जांच शुरू, 30 अप्रैल तक मांगे गए साक्ष्य
वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज परिसर में 20 मार्च को छात्र सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूर्या की हुई नृशंस हत्या के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर यह जांच अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) बिपिन कुमार द्वारा की जा रही है।
इस घटना के बाद से कॉलेज के छात्र-छात्राओं और छात्रसंघ पदाधिकारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
जांच अधिकारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी, साक्ष्य या दस्तावेज उपलब्ध हैं, तो वे 30 अप्रैल 2026 तक कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम (प्रशासन) के न्यायालय/कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। साक्ष्य लिखित अथवा मौखिक दोनों रूपों में स्वीकार किए जाएंगे।

