दिव्य दृष्टि ट्रॉफी टूर्नामेंट में लखनऊ की दमदार जीत, बीएचयू को 106 रन से हराया

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू के एम्फी थियेटर मैदान में ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में दिव्य दृष्टि ट्रॉफी अंतर विश्वविद्यालयीय ब्लाइंड क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले के बीच डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीएचयू को 106 रन से करारी शिकस्त दी। 

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 176 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाज रानू ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 56 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल रहे। उनकी इस बेहतरीन पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं बीएचयू की ओर से गेंदबाजी करते हुए राजन ने 2 विकेट हासिल किए।

123

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएचयू की टीम लखनऊ के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 70 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से पंकज ने सर्वाधिक 7 रन बनाए। लखनऊ की ओर से आलम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रानू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के दौरान कमेंट्री अमूल्य उपाध्याय और आशीष सेठ द्वारा की गई, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से दर्शकों में उत्साह बनाए रखा। पूरे मैच के दौरान मैदान पर रोमांचक माहौल बना रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर काशी के समाजसेवी केशव जालान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं और समाज में उन्हें समान अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से ऐसे आयोजनों में सहयोग करने की अपील की।

123

इस अवसर पर ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा, उपाध्यक्ष कमलजीत कौर गिल, महामंत्री डॉ. संजय चौरसिया, अशोक चौरसिया (महामंत्री, काशी क्षेत्र भाजपा) तथा मदन मोहन वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this story